भगोरिया उत्सव- 1 मार्च को होने वाले आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
तहसीलदार, टीआई ने समिति सदस्यों के साथ किया नेहरू स्टेडियम ग्राउंड का निरीक्षण
नेपानगर
1 मार्च मार्च को नेपानगर के नेहरू स्टेडियम ग्राउंड में भव्य रूप से भगोरिया उत्सव मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। स्टेडियम पर टेंट, पानी, बिजली, साफ सफाई, पार्किंग व्यवस्था आदि की जाना है। इसे लेकर मंगलवार दोपहर नेपानगर तहसीलदार जगन्नाथ वास्कले और टीआई ज्ञानू जायसवाल स्टेडियम ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने समिति सदस्यों से तैयारियांें को लेकर चर्चा की। ग्राउंड के बाहर वाहनों की पार्किंग को लेकर चर्चा की गई।
गौरतलब है कि हर साल होली पर्व के दौरान नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर जिले का सबसे बड़ा भगोरिया उत्सव मनाया जाता है जिसमें न सिर्फ बुरहानपुर जिले, बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचते हैं। दिनभर चलने वाले इस उत्सव के दौरान आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हैं। सभी एक दूसरे को गुलाल, रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते हैं।
इस बार 150 से अधिक लोक कलाकारों के दल आएंगे
इस साल नेहरू स्टेडियम पर आयोजित भगोरिया उत्सव के दौरान 150 से अधिक लोक कलाकारों के दलों के पहुंचने की उम्मीद है। करीब 50 हजार से अधिक आदिवासी समाजजन बुरहानपुर के अलावा आसपास के जिलों खंडवा, खरगोन, बड़वानी सहित अन्य जगहों से आएंगे। इसके साथ ही पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी समाज के कलाकार विभिन्न लोक कला की प्रस्तुतियां यहां देंगे।
आदिवासी संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य
भगोरिया उत्सव आयोजन समिति के संरक्षक प्रवीण काटकर ने बताया जनजातीय समुदाय की ओर से होली पर्व के हजारों सालों से महोत्सव मनाया जाता रहा है। यह उत्सव जनजातीय नृत्य, लोक संगीत, पारंपरिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। क्षेत्र में जनजातीय आबादी की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, पारंपरिक कला, शिल्प को प्रोत्साहन देने और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भगोरिया उत्सव का जिला स्तरीय आयोजन होता है जो इस साल भी होगा। हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग इस आयोजन हिस्सा बनेंगे।


0 टिप्पणियाँ